वैश्य महिला समिति के तत्वावधान मे महिला दिवस और फागोत्सव धूमधाम से मनाया
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ कस्बे के मालाखेड़ा बाजार स्थित विजयवर्गीय धर्मशाला में राजगढ़ वैश्य महिला समिति के तत्वावधान में महिला दिवस और फागोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने फाग के गीत और भजनों के साथ फूलों की होली खेलकर माहौल को भक्तिमय और रंगीन बना दिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीत और भजनों की प्रस्तुति दी तथा फूलों की होली खेलकर उत्सव का आनंद लिया।
इस मौके पर महिला समिति की प्रीति विजय ने कहा कि समाज में लड़के और लड़कियों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी को समान अवसर मिलना चाहिए, तभी समाज में सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण संभव है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को महिला दिवस की बधाई दी और उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। पूरे माहौल में फाग के गीतों और फूलों की खुशबू के साथ उत्सव का रंग देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ राधा-कृष्ण के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर वैश्य महिला समिति की महिलाएं मौजूद रही।