चैत्र नवरात्रि व नवसंवत्सर पर भजन संध्या, भक्तिमय माहौल में गूंजे सुर
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) कोहिनूर सेवा समिति के तत्वावधान में रेलवे स्टेशन स्थित सेठ गजाधर मानसिंहका धर्मशाला में चैत्र नवरात्रि स्थापना एवं नवसंवत्सर के उपलक्ष्य में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
समिति के प्रदेश संयोजक कवि रामनिवास रोनी राज ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोक अदालत सदस्य शांतिलाल जैन रहे, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी जगदीश बाबू मानसिंहका ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. उषा अग्रवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भजन गायिका पायल साल्वी द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके बाद विभिन्न कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि शांतिलाल जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनातन धर्म के मूल्यों को समझकर ही भारत को पुनः विश्व गुरु बनाया जा सकता है। उन्होंने कुसंस्कारों के स्थान पर संस्कारों को अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान कवि ओम उज्ज्वल ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में कांग्रेसी नेता राजेंद्र जैन, शहर प्रभारी रामचंद्र मुंदड़ा, पायल साल्वी, दिव्या जैन, प्रख्यात भजन गायक राजेंद्र सिंह देशप्रेमी, सुरेश नागौरी, मीना सोनी, पिंकी शर्मा एवं हंसा नागौरी सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का संचालन कवि रामनिवास रोनी राज ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुशील स्वर्णकार, पूर्वी शहर अध्यक्ष अनीता पहाड़िया, महासचिव दुर्गालाल सोनी, मोहम्मद हमीद शेख, सुभाष सोनी, पूर्व पार्षद सुरेश बम्ब, भगत प्रजापत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में शहर अध्यक्ष छीतरमल गेंगट ने सभी का आभार व्यक्त किया।