सिविल डिफेंस भर्ती में अनियमितताओं का आरोप, किरोड़ी लाल मीणा बोले, 'जांच के बाद दोषियों पर होगी कार्रवाई'
अंता (शफीक मंसूरी) कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा समाज के एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार को बारां जिले के अंता उपखंड मुख्यालय पर पहुंचे. इस दौरान उनके साथ किशनगंज विधायक ललित मीणा समेत में समाज के कई राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे. इस दौरान जनसुनवाई में सिविल डिफेंस भर्ती में अनियमितता के आरोपों वाला मामला उनके सामने आया. इस पर उन्होंने कहा कि बारां में सिविल डिफेंस भर्ती अनियमितता मामले में जांच की जाएगी. अगर कोई दोषी पाया गया, तो कार्रवाई की जाएगी.
जांच के आदेश: सामाजिक कार्यक्रम के बाद किरोड़ी लाल मीणा ने कृषि विज्ञान केंद्र अंता में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने आमजन व किसानों की जनसुवाई भी की. जनसुनवाई में लोगों द्वारा कईं शिकायतें उनसे की. इस दौरान अभी हाल ही में बारां में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा की गई स्वयंसेवकों की भर्ती में अनियमिताओं का मामला भी उनके सामने आया. स्वयंसेवकों की भर्ती में कई तरह के फर्जीवाड़े की शिकायत अभ्यर्थियों ने मंत्री से की. शिकायत के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भर्ती की शिकायत मेरे पास में आई है. मैंने जांच के आदेश दिए हैं
पूरे राजस्थान में हुई गड़बड़ी': उन्होंने कहा कि हालांकि इस भर्ती में पूरे राजस्थान में ही गड़बड़ी हुई है. बारां में हुई भर्ती की मैं विशेष रूप से जांच कराऊंगा. यह मामला आज ही मेरी जानकारी में आया है. इस पर 2 दिन में मामले की जांच करा कर गड़बड़ी को ठीक कराया जाएगा. इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा व आपदा राहत विभाग में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. राजस्थान में अन्य जगहों पर भी इस तरह के मामले सामने आए हैं, उनकी भी जांच कराई जाएगी
धांधली के लगे आरोप: नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक की भर्ती से वंचित रहे अभ्यर्थी अरविंद कुमार मीणा ने आरोप लगाया कि इस भर्ती में अधिकारियों व बाबुओं द्वारा मिलीभगत करके कई तरह की अनियमिताएं की गई हैं. जो व्यक्ति दौड़ में शामिल नहीं हुआ, ऐसे व्यक्ति का चयन कर लिया गया है. जिसके पास पर्याप्त दस्तावेज भी नहीं है, ऐसे लोगों का भी चयन भर्ती में कर लिया गया है. साथ ही इस भर्ती में जान–पहचान के लोगों को लगा लिया गया है. जो योग्य व्यक्ति थे, उन्हें अधिकारियों व बाबूओं ने मिलीभगत करके बाहर का रास्ता दिखा दिया. उन्होंने बताया कि मैं नेशनल प्लेयर हूं. फिर भी मुझे बाहर निकाल दिया गया. मैंने सिविल डिफेंस की विशेष ट्रेनिंग भी की हुई है.
कांग्रेस जिला अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कृषि मंत्री को सोपा ज्ञापन
आज अंता आगमन पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल जी मीणा को बांरा जिले में अतिवृष्टि से खराब हुई फसलो एवं अन्य नुकसान का सही सर्वे कर उचित मुआवजा और फसल बीमा की राशि दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ज्ञापन सौंपा किसान देश की रीढ की हड्डी है लेकिन वर्तमान में किसानों की अवस्था दयनीय हो चुकी है, आशा है आपकी सरकार किसानों को राहत पहुंचाने का प्रयास अतिशीघ्र करेगी ।