संगम विश्वविद्यालय ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ किया महत्वपूर्ण एमओयू, उद्योग–शिक्षा सहयोग को मिलेगा नया आयाम
भीलवाड़ा : (राजकुमार गोयल) संगम विश्वविद्यालय ने उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के साथ एक एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता विद्यार्थियों को आधुनिक बैंकिंग, फाइनेंस और डिजिटल पेमेंट्स सेक्टर की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने और उन्हें उद्योग के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से किया गया है।
डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर की वास्तविक चुनौतियों को समझ सकें। इस साझेदारी के माध्यम से छात्रों को इंटरनशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण, गेस्ट लेक्चर्स और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम्स का लाभ मिलेगा। साथ ही, डिजिटल बैंकिंग और फाइनेंशियल इन्क्लूजन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उन्हें प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
एमओयू हस्ताक्षर समारोह में IPPB से प्रशांत शिंदे (AGM एवं सर्किल हेड – राजस्थान), संगम यूनिवर्सिटी से कुलपति महोदय प्रोफेसर करूणेश सक्सेना, प्रो-कुलपति प्रोफेसर मानस रंजन पाणिग्रही तथा रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कुलपति महोदय प्रोफेसर करूणेश सक्सेना के अनुसार, यह सहयोग विद्यार्थियों को उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा और उन्हें बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराएगा। प्रो-कुलपति प्रोफेसर मानस रंजन पाणिग्रही ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह एमओयू विश्वविद्यालय के अकादमिक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाएगा तथा विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की साझेदारियाँ छात्रों के कौशल विकास के साथ-साथ उनके व्यावसायिक दृष्टिकोण को भी व्यापक बनाएंगी। रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि इस सहयोग से विश्वविद्यालय में व्यावहारिक एवं उद्योग-आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को न केवल सीखने के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि वे अपने करियर के लिए अधिक सक्षम और तैयार बन सकेंगे।
शिंदे द्वारा स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के विद्यार्थियों के लिए एक विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र के दौरान उन्होंने India Post Payments Bank की स्थापना, उद्देश्य तथा इसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार IPPB देश के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाएँ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। साथ ही, उन्होंने इसके विभिन्न सेवाओं जैसे डिजिटल बैंकिंग, डोरस्टेप बैंकिंग, आधार आधारित सेवाएँ तथा वित्तीय समावेशन की पहल के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की टीम, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से डॉ. सुरभि बिरला, डॉ. नेहा सभरवाल एवं किशन टाक तथा ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट से अतुल पराशर उपस्थित रहे।