कोविड के दौरान पोषाहार में धांधली; एसीबी ने 1492 स्कूलों से 5 वर्ष पुराना रिकॉर्ड मांगा
अलवर (राजस्थान) अलवर जिले के 1492 सरकारी स्कूलों में कोविड-19 के दौरान मिड-डे मील कॉम्बो पैकेट बांटने में बड़ा घोटाला हुआ। जिसे लेकर अब सरकार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि बिना वितरण इसमें करोड़ों रुपए का गबन हुआ। एसीबी ने इसके मद्देनजर इन स्कूलों से 5 साल पुराना रिकॉर्ड मांगा है। जिसमें विद्यार्थियों की संख्या, वितरित पैकेट्स का विवरण व अभिभावकों के मोबाइल नंबर तक मांगे गए हैं।
एसीबी में दर्ज प्रकरण संख्या 09/2026 के तहत डीईओ प्रारंभिक को निर्देश दिए गए हैं कि कक्षा पहली से 8 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों को वितरित खाद्यान्न कॉम्बो पैकेट्स की डिटेल 30 मार्च तक जयपुर मुख्यालय भेजनी है। सभी स्कूलों को 25 मार्च तक जानकारी भेजनी है। अलवर जिले में 4.26 लाख पैकेट 1,49,026 विद्यार्थियों को बांटे गए।
पैकेट्स में चना दाल, मूंग दाल, मसाले, आयोडाइज नमक और सोयाबीन तेल जैसी सामग्री शामिल थी। मामले में डीईओ प्रारंभिक देवेंद्र सिंह ने बताया कि एसीबी जयपुर ने कोविड काल का 5 साल पुराना रिकॉर्ड मांगा है। सभी स्कूलों को निर्देश दे दिए हैं। स्कूलों में शिक्षक परीक्षा परिणाम व प्रवेशोत्सव की तैयारियों में हैं। ऐसे में पुराना रिकॉर्ड जुटाना कठिन काम है।