कठूमर में ढाई हजार के लेनदेन पर बवाल, फायरिंग में बुजुर्ग घायल; आधा दर्जन जख्मी
कठूमर (दिनेश लेखी) थाना क्षेत्र के ग्राम वायडा में महज 2500 रुपए के लेनदेन को लेकर शुक्रवार रात करीब 10 बजे दो पक्ष आमने- सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि मामला झगड़े में बदल गया, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में से कई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल अलवर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वायडा निवासी अलीबक्श ने गांव के ही फकरू को ढाई हजार रुपए उधार दिए थे। इसी लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान एक बुजुर्ग पर फायरिंग भी की गई, जिससे उसके सिर और हाथ में छर्रे लग गए।
झगड़े में एक पक्ष के आरिफ खान पुत्र फकरू खान घायल हो गए, जिन्हें परिजन उपचार के लिए सीएचसी कठूमर ले आए। वहीं दूसरे पक्ष के मुकन्दा पुत्र दीना मुस्लिम सहित अन्य घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सीएचसी पहुंचाया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद आरिफ खान व फारूक की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल अलवर रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार दोनों को उपचार के लिए अलवर ले जाया गया है।
दूसरे पक्ष के मुकन्दा, असरफ, आमीन, फिरदोस व अलीबक्श का भी सीएचसी में उपचार किया गया। इनमें से मुकन्दा, असरफ, आमीन और फिरदोस को आगे उपचार के लिए अलवर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।