भरतपुर में कॉन्ट्रैक्टर की दबंगई: मजदूरों पर फायरिंग और मारपीट, 4 घायल – CCTV आया सामने
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक कॉन्ट्रैक्टर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों पर फायरिंग और मारपीट कर दी। इस घटना में एक ठेकेदार के हाथ में गोली लगी, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है।
मथुरा गेट थाना अधिकारी हरलाल ने बताया कि रात करीब 12 बजे जवाहर नगर इलाके में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सीवरेज लाइन का काम कर रहे मजदूरों और प्लॉट नंबर A-4 के मालिक पुष्पेंद्र सिंह के बीच विवाद हुआ था।
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर के भगत सिंह चौराहे के पास सीवरेज का कार्य चल रहा है। मजदूरों ने खुदाई के बाद मिट्टी सड़क पर डाल रखी थी। पास ही रहने वाले कॉन्ट्रैक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने देर रात मजदूरों से मिट्टी हटाने को कहा। मजदूरों ने रात में काम करने में असमर्थता जताई, जिस पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद पुष्पेंद्र सिंह उर्फ पीके ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने फायरिंग भी की, जिसमें सतीश नामक ठेकेदार के हाथ में गोली लग गई। अन्य तीन मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र सिंह और उसके साले बिरजू को हिरासत में ले लिया है। वहीं कुछ अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। घायल सतीश के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।