सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राजकीय छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश प्रक्रिया दिनांक 27 मार्च 2026 से ऑनलाइन प्रारम्भ कर दी गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं विभाग के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत नवीन विद्यार्थियों को आवेदन करते समय अधिकतम तीन छात्रावासों का विकल्प चयन करने की सुविधा प्रदान की गई है। वहीं, पूर्व में छात्रावास में निवासरत एवं उत्तीर्ण विद्यार्थी संबंधित छात्रावास अधीक्षक के माध्यम से अपना नवीनीकरण करवा सकेंगे।
प्रवेश के लिए पात्रता अनुसार केवल राजस्थान के मूल निवासी छात्र-छात्राएं, जो कक्षा 6 से 12 में अध्ययनरत हैं, आवेदन कर सकेंगे। छात्रावास से 05 किलोमीटर की परिधि में निवास करने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। इसके अतिरिक्त न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक तथा अधिकतम 08 लाख रुपये वार्षिक आय सीमा निर्धारित की गई है।
आवेदन प्रक्रिया जन-आधार आधारित होगी तथा आवश्यक दस्तावेज स्वतः सत्यापन के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। बीपीएल, अनाथ, विधवा एवं विशेष योग्यजन श्रेणी के विद्यार्थियों को नियमानुसार प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। छात्रावासों में प्रवेश हेतु मेरिट सूचियां क्रमशः 10 अप्रैल, 23 अप्रैल, 04 मई एवं 11 मई 2026 को जारी की जाएंगी।
विभाग द्वारा जिले में संचालित समस्त छात्रावासों के छात्रावास अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करें।