भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बुधवार को शहर में सीवरेज एवं ड्रेनेज के चल रहे विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरे करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने सीएफसीडी के तहत काली बगीची से नीमदा गेट होते हुये हीरादास तक नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा जून माह तक अतिरिक्त संसाधन लगाकर दोनों छोर से कार्य को गति देकर शीघ्रता से वर्षा पूर्व पानी बहाव की स्थिति में लाने के निर्देश दिये। उन्होंने आगामी एक सप्ताह में कल्वट के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बरसात आने के समय कार्य प्रभावित नहीं हो इसके लिये पानी बहाव की स्थिति बनाकर शीघ्रता से कार्य पूरा करायें जिससे आवश्यकता पडने पर पानी लिफ्ट किया जा सके। उन्होंने हीरादास कुण्ड से सीएफसीडी के नाले तक चार मीटर नाला निर्माण करने के निर्देश दिये जिससे पानी की अधिक आवक की स्थिति में भी पानी सुव्यवस्थित निकल सके। उन्होंने गणेश मंदिर से अनाह गेट तक नाला निर्माण का निरीक्षण कर टीले पर रखी ऐतिहासिक तोप को सुव्यवस्थित करते हुये टीले के पास सुरक्षा दीवार एवं उपर पार्क विकसित करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने अनाह गेट के पास नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण कर 30 जून तक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिये। सर्किल पर अतिरिक्त व्यास को हटाकर सर्किल का पुननिर्माण का प्लान बनाने के निर्देश दिये ताकि यातायात सुव्यवस्थित चल सके। निरीक्षण के समय बीडीए के अधिकारियों ने बताया कि एक तरफ का कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो गया है जिसको पूरा होने के दूसरी तरफ नाले की खुदाई की जायेगी। उन्होंने सर्किल को दोनों तरफ बनाये गये अस्थाई लिंक रोडों पर डामरीकरण कराने के निर्देश दिये। हीरादास तोप सर्किल के पास नाला निर्माण के उपर से डाली जा रही भूमिगत विद्युत लाईन के कार्य पर नाराजगी व्यक्त करते हुये उन्होंने निर्देश दिये कि केबिलों को इस तरह व्यवस्थित किया जाये कि नाले के पानी का प्रवाह प्रभावित नहीं हो।
उन्होंने जघीना गेट के पास सीएफसीडी के ड्रेन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा अतिरिक्त संसाधन लगाकर पूर्ण गति से कार्य पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने आरयूआईडीपी के चल रहे कार्यों का रणजीत नगर में निरीक्षण किया जहॉ कॉलोनियों में पाईप लाईन डालने के कार्य को गति देते हुये रोड मरम्मत कार्य भी साथ-साथ कराने के निर्देश दिये। उन्होंने रणजीत नगर मुख्य सडक मार्ग का निरीक्षण कर कार्य पूर्ण के साथ ही मोटरेवल सडक तैयार करने के निर्देश दिये ताकि आवागमन में आमजन को परेशानी नहीं हो।
इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई, बीडीए के अधीक्षण अभियंता योगेश माथुर, अधिशाषी अभियंता डीपी शर्मा, बहादुर सिंह, नगर निगम के विनोद चौहान, राजुल शर्मा सहित संबंधित अभियंताओं की टीम उपस्थित रही।