माई भारत बजट क्वेस्ट 2026 के तहत युवाओं से संवाद कार्यक्रम; आयोजित युवा पीढ़ी देश निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है-मुख्यमंत्री
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार “माई भारत बजट क्वेस्ट 2026” के अंतर्गत जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वीसी के माध्यम से केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदेश के युवाओं से संवाद किया। इस दौरान युवाओं से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं बजट से संबंधित सुझाव और विचार आमंत्रित किए गए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के विजन को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है और वही देश का भविष्य है। युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप बनाकर निरंतर प्रयास करना चाहिए, जिससे परिवार, समाज और देश की प्रगति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अपने बजट में सीए, खिलाड़ी, वकील एवं उद्यमी युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके सुझावों का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के “कर्म करो, फल की इच्छा मत करो” के संदेश को अपनाते हुए युवाओं को निरंतर कर्म करने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर युवाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं। प्रदेश में पेपर लीक एवं भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सकारात्मक वातावरण बनाया गया है तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। “राइजिंग राजस्थान” कार्यक्रम के तहत लगभग 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए गए हैं, जिनमें से लगभग 9 लाख करोड़ रुपए के एमओयू को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के युवाओं को व्यापक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर एडीएम सिटी राहुल सैनी ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं के सुझावों को बजट प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनके विचारों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में जिला उद्योग महाप्रबंधक सीएम गुप्ता, जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी सूर्यकान्त पाण्डे, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अमर दयाल, एमएसजे कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार नागर सहित अन्य अधिकारी, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

