वराडा में हनुमान जयंती हर्षोल्लास से मनाई, जयकारों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
सिरोही (रमेश सुथार) वराडा क्षेत्र में हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। वराडा गांव में हनुमान जयंती पर भव्य आयोजन हुए। मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटिंग व मंडप सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए छाया व पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई।
प्रातःकाल महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गांव की मुख्य गलियों से होकर पुनः मंदिर पहुंची। शोभायात्रा के समापन पर प्रसादी वितरण किया गया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। युवाओं ने केसरिया साफा पहनकर ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाए और ढोल की थाप पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। बस स्टैंड पर जेसीबी के माध्यम से फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
मंदिर परिसर के बाहर विभिन्न दुकानों के साथ शीतल पेयजल व आइसक्रीम की लारियों पर बच्चों ने आनंद लिया। रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम का आयोजन श्री हनुमान जी सेवा मंडल, सूरत के तत्वावधान में किया गया, जिसमें हनुमानजी मंदिर कमेटी एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।