सुदामा चरित्र की कथा के साथ भागवत समरसता महोत्सव का भव्य समापन; सेवा वही कर सकता है जिसके स्वभाव में सेवा हो: गोवत्स राधाकृष्ण महाराज

Apr 2, 2026 - 19:19
 0
सुदामा चरित्र की कथा के साथ भागवत समरसता महोत्सव का भव्य समापन; सेवा वही कर सकता है जिसके स्वभाव में सेवा हो: गोवत्स राधाकृष्ण महाराज

भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान एवं श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट नौगांवा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भागवत समरसता महोत्सव का गुरुवार को सुदामा चरित्र की कथा के साथ भव्य समापन हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में माधव गौशाला परिसर में आयोजित इस कथा के अंतिम दिन जोधपुर के गोवत्स श्री राधाकृष्ण महाराज ने सेवा के मर्म को समझाते हुए कहा कि सेवा न धन से होती है, न समय या बल से—सेवा वही कर सकता है जिसके स्वभाव में सेवा रची-बसी हो। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपनी ‘रहनी’ अर्थात आचरण पर हमेशा ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि लोभ में पड़ते ही व्यक्ति का तेज समाप्त हो जाता है।
महाराज ने सुदामा चरित्र के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि मित्रता जीवन का सबसे बड़ा संबल है। एक सच्चा मित्र जीवन के हर अभाव को दूर कर देता है और कठिन परिस्थितियों में मानसिक बल प्रदान करता है। सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुरूकुल में साथ पढ़े इन दोनों मित्रों के बीच अनुपम आत्मीयता थी, जो मानव समाज के लिए आदर्श है। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि वस्तुओं का अनावश्यक संग्रह विवाद का कारण बनता है, इसलिए जो भी प्राप्त हो उसे साझा कर सदुपयोग करना ही श्रेष्ठ है। सच्ची मित्रता ही जीवन की वास्तविक सुरक्षा और शांति का आधार है, क्योंकि जहाँ मित्रता होती है वहाँ भय और असुरक्षा का स्थान नहीं होता।

सुदामा चरित्र के वर्णन के दौरान नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में भगवान सांवलिया सेठ का हनुमान और सुदामा संग मिलन का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। कथा के प्रारंभ में पंडित अशोक व्यास ने हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करवाया। संस्थान अध्यक्ष डी.पी. अग्रवाल एवं कथा संयोजक मनीष बहेड़िया ने बताया कि महोत्सव समिति की ओर से संतश्री को आभार पत्र और स्मृति चित्र भेंट किया गया। इस दौरान एक नन्हे बालक द्वारा महाराज को उनके हाथ से तैयार किया गया सुंदर छायाचित्र भेंट करने की हृदयस्पर्शी घटना भी देखने को मिली। कार्यक्रम में माधव गौशाला की गतिविधियों के ब्रोशर का विमोचन किया गया तथा पंडित अशोक व्यास की निस्वार्थ सेवाओं के लिए उनका सम्मान किया गया।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। व्यास पीठ पूजन एवं व्यवस्थाओं में मुकुट बिहारी बहेड़िया, भंवरलाल दरगड़, मधुसूदन बहेड़िया, रामप्रसाद बहेड़िया, मनीष बहेड़िया, सतीश ईनाणी (मुंबई), जे.सी. लड्ढा, वरुण लड्ढा, दिनेश बागडोदिया, डी.पी. मंगल, ओम जागेटिया, श्याम ओझा, साक्षी धाकड़, डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी, दीपक पाराशर (पुजारी), बाबूलाल चौकीदार, रामप्रसाद, गोवर्धनलाल बहेड़िया, पंडित संजय मकराना, नरेंद्र विश्नोई, नारायण गाडरी, कमलेश मुणोत, हेमंत शर्मा और सत्यप्रकाश गग्गड़ सहित अनेक सेवाभावी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................