अन्तापाडा की पहाड़ियों में लगी भीषण आग; वन विभाग और ग्रामीणों ने पाया काबू, वन संपदा को नुकसान
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। राजगढ़ रेंज के अंतर्गत आने वाले वन क्षेत्र अन्तापाडा की पहाड़ियों में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पहाड़ियों से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई देने लगा। इस घटना में बेशकीमती वन संपदा के जलने और वन्यजीवों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
साझा प्रयासों से आग पर नियंत्रण: पहाड़ियों में आग लगने की सूचना मिलते ही राजगढ़ वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। वनकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। ग्रामीणों और वन विभाग की त्वरित सक्रियता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और आग को और अधिक फैलने से रोक लिया गया।
वन संपदा को नुकसान की आशंका: भीषण गर्मी के चलते आग ने तेजी से पहाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे प्राकृतिक वनस्पतियों को काफी क्षति पहुँची है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, विभाग द्वारा मामले की जाँच की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर वन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

