मकराना की बेटी डॉ. पूजा बिश्नोई ने आयुष अधिकारी भर्ती में हासिल की राजस्थान में चौथी रैंक
मकराना (मोहम्मद शहजाद) राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग द्वारा हाल ही में घोषित आयुष अधिकारी भर्ती परीक्षा के परिणामों में मकराना क्षेत्र का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है। ग्राम पालड़ी महेशा निवासी (हाल मुकाम मकराना) डॉ. पूजा बिश्नोई पुत्री बाबूलाल बिश्नोई ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे राजस्थान में चतुर्थ (4th) रैंक हासिल की है। इस शानदार उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और डॉ. पूजा के निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
माता-पिता का मार्गदर्शन और भाभी से मिली प्रेरणा
अपनी इस स्वर्णिम सफलता पर डॉ. पूजा बिश्नोई ने अत्यंत विनम्रता के साथ इसका श्रेय अपने परिवार को दिया है। उन्होंने कहा मेरी इस सफलता के पीछे सबसे बड़ा योगदान मेरे माता-पिता का रहा। उन्होंने मुझे हमेशा सिखाया कि यदि हम निरंतर ईमानदारी से मेहनत करें, तो परिणाम बिल्कुल वैसा ही आता है जैसा हम चाहते हैं। डॉ. पूजा ने विशेष रूप से अपनी भाभी सुनीता बिश्नोई का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें प्रेरणा अपनों के बीच से ही मिली। जुलाई 2025 में जब उनकी भाभी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फाइनल की परीक्षा उत्तीर्ण की, तब उन्होंने ही पूजा को लगन और धैर्य के साथ आयुष अधिकारी की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया था।
शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने जताया हर्ष
डॉ. पूजा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मकराना के विभिन्न संगठनों और शिक्षा प्रेमियों ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मरुधर एवं मारवाड़ एजुकेशन ग्रुप के संरक्षक ध्रुवलाल छंगाणी, निदेशक जगदीश प्रसाद छंगाणी और सहनिदेशक अंकित छंगाणी ने डॉ. पूजा को मिठाई खिलाकर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संजय दाधीच, जाफर हुसैन, राजेंद्र प्रसाद ओझा सहित मकराना के कई गणमान्य नागरिकों ने परिवार से मिलकर खुशी साझा की। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पूजा की यह सफलता मकराना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। डॉ. पूजा ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, तो प्रदेश की सर्वोच्च वरीयता सूची में स्थान बनाया जा सकता है।

