भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति संबधी बैठक सोमवार को अतिरिक्त कलक्टर घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त कलक्टर ने कहा कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, विभागीय योजनाओं का लाभ आमजन को समय पर मिले जिससे लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति आ सके। उन्होंने विभागवार फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान लाडो योजना में जनाना अस्पताल में लम्बित 686 एवं बयाना ब्लॉक में लम्बित 221 पात्र बालिकाओं को लाभ देते हुए आवश्यक दस्तावेजों की समय पर पूर्ति कराऐं। उन्होंने विद्युत निगम को फीडर सु धार कार्यक्रम को गति देते हुए वर्तमान में खाली खेतों से होकर विद्युत लाईनों के रखरखाव को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंच-गौरव योजना में शामिल सभी विभागों को प्रस्ताव तैयार कर मूर्तरूप देने, सहकारिता विभाग को जिले में प्रस्तावित कस्टम हायरिंग सेन्टर को खोला जाकर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने कहा कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुडे विभाग गर्मी के मौसम को देखते हुए आपसी समन्वय बनाये रखकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति के लिए शहरी क्षेत्रों में पाइप लीकेज एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हैण्डपम्प मरम्मत व ट्यूबवैल के मरम्मत कार्यों को निश्चित समयावधि में पूरा करायें। उन्होंने विद्युत निगम को आंधी-तूफान के समय विद्युत लाइनों को समय पर रिस्टोर करने तथा पेयजल आपूर्ति के समय पर निर्बाध सप्लाई देने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा विभाग को सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरण दुरूस्त रखने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागवार राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा करते हुए त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसीईओ जिला परिषद रेखारानी व्यास, सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।