तखतगढ़ में 'गौ सेवा आह्वान अभियान' का आगाज़; हस्ताक्षर अभियान के जरिए गौ माता को सम्मान दिलाने की मुहिम
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान) शहर में गौ सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 'गौ सेवा आह्वान अभियान' का आगाज़ किया गया है। पाली जिला गौ सेवा समिति के जिलाध्यक्ष गिरधारी सिंह राजपुरोहित के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत शहर में व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के संयोजक एवं करुणा इंटरनेशनल के केंद्राधीक्षक मीठालाल जोशी ने बताया कि गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के संकल्प के साथ आगामी 27 अप्रैल 2026 को 'गौ सम्मान दिवस' मनाया जाएगा। इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र उपखण्ड अधिकारी सुमेरपुर को सौंपकर गौ संरक्षण हेतु कड़े कदम उठाने की अपील की जाएगी।
तखतगढ़ में इस मुहिम को सफल बनाने के लिए गौ रक्षक फोर्स की पूरी टीम जुटी हुई है। जिलाध्यक्ष गिरधारी सिंह राजपुरोहित द्वारा उपलब्ध कराए गए बैनर, पोस्टर और ग्राफिक्स के माध्यम से युवाओं की टोली घर-घर और बाजार में जाकर लोगों का समर्थन जुटा रही है।
इस जागरूकता और हस्ताक्षर अभियान में डेनी राठौड़, गुलाबराम कुमावत, वगताराम देवासी, श्रवण माली, राहुल सेन, कुणाल सेन, अंकित कुमार, ललित सेन और विक्रम प्रजापत सहित अनेक गौ भक्त सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। शिक्षाविद मीठालाल जोशी को ज्ञापन देने एवं टीम के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उद्देश्य: अभियान का मुख्य लक्ष्य समाज में गौ माता के प्रति सेवा भाव जाग्रत करना और सरकार तक गौ प्रेमियों की आवाज पहुंचाकर गौ माता को उचित संवैधानिक सम्मान दिलाना है।


