अवैध हथियारों के विरुद्ध बड़ौदामेव पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 12 बोर देशी कट्टे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा 12 बोर बरामद किया है।
थानाधिकारी मोहन सिंह गुर्जर ने बताया- अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना स्तर पर टीम बनाई गई थी, जिसे मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक से पूछताछ में उसकी पहचान फरदीन पुत्र स्वर्गीय असलूप खान, निवासी मीना का बास के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा 12 बोर बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से आया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


