एक्स सर्विसेज लीग की बैठक 3 मई को, सैनिक विश्राम गृह में कल्याणकारी योजनाओं पर होगी चर्चा
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला भूतपूर्व सैनिक संघ के तत्वावधान में एक्स सर्विसेज लीग की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 3 मई को आयोजित की जाएगी। यह बैठक भरतपुर स्थित सैनिक विश्राम गृह में प्रातः 11:00 बजे संघ के अध्यक्ष कर्नल केवीएस ठैनुआ की अध्यक्षता में संपन्न होगी।
कर्नल ठैनुआ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं लाभकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा करना है। साथ ही, बैठक में लीग के भविष्य के कार्यकलापों, आगामी रणनीतियों और गौरव सेनानियों के हितों से जुड़ी गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने जिले के सभी गौरव सेनानियों और वीरांगनाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस बैठक में उपस्थित हों, ताकि वे सरकार की नवीनतम योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें और अपने सुझाव साझा कर सकें।


