आपसी समन्वय व समझाइश के माध्यम से हटवाया अतिक्रमण; ग्रामवासियों को आवागमन हुआ सुगम
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार की कृषक, पशुपालक एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नदबई पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नयावास में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं लाभकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अभियान की सराहना की।
नयावास के ग्रामीणों की समस्या हुई दूर-
ग्राम रथ अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम ग्राम पंचायत नयावास में आयोजित शिविर के दौरान ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी सचिन यादव को नदबई-खेड़ली रोड से गांव नयावास को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर अतिक्रमण के संबंधित परिवाद प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों द्वारा मुख्य सड़क पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे बरसात एवं जलभराव की समस्या उत्पन्न होने के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उपखंड अधिकारी ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता लेते हुए मौके पर ही ग्रामीणों से समझाइश व आपसी समन्वय के माध्यम से अतिक्रमण हटवाया गया, सड़क पर जलभराव की समस्या का भी समाधान करवाया गया। इससे अब ग्रामवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। समस्त ग्रामीणों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


