हैंडपम्प लगाकर पेयजल की समस्या का किया स्थायी समाधान
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) कृषक, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नदबई पंचायत समिति की ग्राम पंचायत तलछेरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों एवं लोकहितकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत तलछेरा में उपखण्ड अधिकारी सचिन यादव ने उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
ग्राम रथ अभियान के दौरान आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत घर पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं होने के कारण पंचायत भवन आने वाले आमजन एवं ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों की इस समस्या को उपखंड अधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्या का स्थाई समाधान करने को कहा। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पंचायत घर परिसर में हैण्डपम्प का निर्माण कार्य कराया गया, जिससे पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हो सका। अब पंचायत भवन आने वाले नागरिकों एवं ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल सहज उपलब्ध हो सकेगा। इस कार्य से ग्रामवासियों में खुशी की लहर है तथा उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया। ग्राम पंचायत तलछेरा के ग्रामीण गर्व से कहते हैं कि सरकारी योजनाएँ वास्तव में उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।


