पाली में बढ़ती महंगाई के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन; कमर्शियल सिलेंडर की निकाली ‘शवयात्रा’, शादियों का बिगड़ा बजट
पाली (बरकत खान) कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी उछाल के विरोध में शुक्रवार को पाली शहर में आमजन और व्यापारियों ने अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। लेबर कॉलोनी क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने सिलेंडर की ‘शवयात्रा’ निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
व्यापारियों और ठेला संचालकों में आक्रोश: इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से फास्ट फूड विक्रेता, चाय की टपरी चलाने वाले और मिठाई-नमकीन का कारोबार करने वाले छोटे व्यापारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम अब आम आदमी की पहुँच से बाहर हो रहे हैं, जिससे उनके लिए रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
शादियों का जायका हुआ खराब: कांग्रेस नेता भंवर राव ने विरोध जताते हुए कहा कि वर्तमान में शादियों का सीजन चरम पर है। सिलेंडर की कीमतें बढ़ने से कैटरिंग का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है, जिसके चलते कई परिवारों को शादी का मेन्यू तक बदलना पड़ रहा है।
विपक्ष का तर्क: कांग्रेस ने इसे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बताते हुए केंद्र सरकार को घेरा।
-
सत्ता पक्ष का पक्ष: भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी ने कहा कि ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध जैसे हालातों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने इसे वैश्विक संकट बताते हुए कहा कि कीमतें सरकार ने स्वेच्छा से नहीं बढ़ाई हैं।
वर्तमान गैस सिलेंडर के रेट
- 19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर: 3139 रुपए
- 5 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर: 838 रुपए
- फरवरी में 19 किलो सिलेंडर: 2042 रुपए
- घरेलू गैस सिलेंडर: 923 रुपए
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कीमतों में राहत नहीं दी गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।


