स्टेट हाईवे की खामियों के खिलाफ गिरादड़ा में ग्रामीणों का धरना; हरिशंकर मेवाड़ा के दखल के बाद 2 दिन में समाधान का आश्वासन
सुमेरपुर (बरकत खान) गिरादड़ा गांव से गुजर रहे स्टेट हाईवे 64ए पर लगातार हो रहे हादसों और सड़क की तकनीकी खामियों से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को हाईवे किनारे धरना देकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग थी कि स्कूल के समीप और खतरनाक मोड़ों पर तत्काल स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और सड़क की डिजाइन में सुधार किया जाए।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे ग्राम प्रशासक मंगलाराम मीणा और रणजीसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में गिरादड़ा व आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में हाईवे पर एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने पीडब्ल्युडी (PWD) विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बार-बार अवगत कराने के बावजूद विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है, जिसके कारण निर्दोष ग्रामीणों की जान जा रही है।
धरने की सूचना मिलते ही सुमेरपुर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत उपखंड अधिकारी (SDM), पीडब्ल्युडी अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को मौके पर बुलवाया।
मेवाड़ा ने अधिकारियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा, "यह सीधे तौर पर आमजन की सुरक्षा का सवाल है। स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर न होना और सड़क की खामियों को नजरअंदाज करना गंभीर लापरवाही है। अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
मौके पर पहुंचे एसडीएम विमलेन्द्रसिंह राणावत और संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों की जायज मांगों पर सहमति जताई। प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अगले दो दिनों के भीतर सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगवाने और अन्य आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण करने का लिखित भरोसा दिया। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया और त्वरित कार्रवाई में सहयोग के लिए हरिशंकर मेवाड़ा व प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुकेश बारोलिया, हरिप्रसाद मीणा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


