"ऑपरेशन एंटीवेनम" के तहत रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 15.39 ग्राम स्मैक बरामद
रामगढ़ (राधेश्याम गेरा) अलवर जिला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन एंटीवेनम" के तहत रामगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलावड़ा क्षेत्र में दबिश देकर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 15.39 ग्राम स्मैक, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर अलावड़ा क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने आरोपी नाजम उर्फ नाजिर (25), निवासी पिपरोली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15.39 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह हरियाणा के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र से स्मैक की खेप लेकर आता था। आरोपी अपने साथी उन्नस के साथ मिलकर इस स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर 500 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से स्थानीय युवाओं को बेचता था। आरोपी के निशाने पर अधिकांश 20 से 30 वर्ष की आयु के युवक रहते थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में मुख्य सप्लायर असलम और आरोपी के साथी उन्नस को वांछित घोषित किया गया है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की अग्रिम जांच थाना नौगांवा द्वारा की जा रही है।
डीएसपी पिंटू कुमार ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


