कौमी एकता की मिसाल: प्रधान नसरू खान ने भाई का फर्ज निभाते हुए भरा गरीब की बेटी का भात
रामगढ़ (अलवर/ अमित भारद्वाज)। ग्राम नंगली मेघा में शनिवार को सांप्रदायिक सौहार्द और मानवता की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। अंजुमन शिक्षा विकास समिति के अध्यक्ष एवं पंचायत समिति रामगढ़ के प्रधान नसरू खान ने एक निर्धन परिवार की बेटी की शादी में 'भाई' का फर्ज निभाते हुए भात भरा। संस्था द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत भरा गया यह 56वां भात है।
नंगली मेघा निवासी देशराज राजपूत पुत्र बुद्धू राम राजपूत एक अत्यंत गरीब व्यक्ति हैं, जिनकी चार बेटियाँ हैं और कोई पुत्र नहीं है। आर्थिक तंगी के कारण वे बेटी की शादी करने में असमर्थ महसूस कर रहे थे। जब इस बात की जानकारी अंजुमन शिक्षा विकास समिति को मिली, तो प्रधान नसरू खान अपनी टीम के साथ नंगली मेघा पहुंचे।
न्याणा (गोविंदगढ़) से आई धारा सिंह की बारात के स्वागत के बीच, अंजुमन शिक्षा विकास समिति ने भात की रस्म अदा की। संस्था की ओर से वर-वधू को नए कपड़े और 24,000 रुपये की नकद राशि भात के रूप में भेंट की गई। इस मदद से परिवार की चिंताएं दूर हुईं और विवाह संपन्न हुआ।
इस पुनीत कार्य के दौरान प्रधान नसरू खान के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबली पंडित, गोविंदगढ़ राजपूत समाज के अध्यक्ष मंगत सिंह राजपूत, नौगांवा राजपूत समाज के अध्यक्ष सुनील गढ़ाई, संस्था के सचिव समसू सरपंच, पंचायत समिति सदस्य गुलजारीलाल, डॉक्टर इस्लाम, श्यामलाल राजपूत, गणेश वर्मा और मजलिस खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस मौके पर नसरू खान ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। किसी गरीब की बेटी की शादी में मदद करना पुण्य का कार्य है और उनकी संस्था आगे भी ऐसे जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी।


