माचाड़ी में मानवता शर्मसार: जमीन विवाद को लेकर दिव्यांग को दी पैर काटने की धमकी, परिवार दहशत में
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता): रैणी उपखंड क्षेत्र के ग्राम माचाड़ी में एक दिव्यांग व्यक्ति और उसके परिवार को प्रताड़ित करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पड़ोसियों द्वारा दिव्यांग को न केवल परेशान किया जा रहा है, बल्कि उसे पैर काटने की धमकी भी दी जा रही है, जिससे पीड़ित का पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
- क्या है विवाद की जड़?
पीड़ित हरिराम जोगी ने बताया कि उसने सत्यनारायण शर्मा नामक व्यक्ति से एक खाली प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट के आधे हिस्से में उसने अपना मकान बनाया है, जबकि शेष आधे हिस्से में चारदीवारी कर गायों को बांधने के लिए बाड़ा बना रखा है। इसी जमीन को लेकर पड़ोसी पिछले काफी समय से विवाद कर रहे हैं।
- भिक्षा मांगकर पालता है पेट:
पीड़ित ने अपना दुख साझा करते हुए बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग है और उसका एक पैर नहीं है। वह भिक्षा मांगकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। दिव्यांग होने के बावजूद पड़ोसियों को उस पर दया नहीं आ रही है।
- आरोपियों की दबंगई:
हरिराम जोगी का आरोप है कि पड़ोसी हजारी लाल, उसके लड़के और पत्नी आए दिन जमीन के नाम पर झगड़ा करते हैं। आरोपियों ने हद पार करते हुए उसे पैर काटने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। पीड़ित ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।


