पुलिस दबिश के दौरान बड़ा हादसा: साइबर आरोपी पकड़े जाने के डर से मंदिर से कूदे, दो गंभीर घायल; अलवर रेफर
अलवर की वैशाली नगर थाना पुलिस ने टहला के बीघोता गांव में दी थी दबिश, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को राजगढ़ से अलवर रैफर किया गया
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ उपखंड के टहला थाना क्षेत्र अंतर्गत बीघोता गांव में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को देख हड़कंप मच गया। पुलिस की पकड़ से बचने के प्रयास में दो आरोपी मंदिर की छत से नीचे कूद गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलवर की वैशाली नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधों में संलिप्त कुछ आरोपी टहला क्षेत्र के बीघोता गांव में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी। पुलिस को अपने करीब आता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की और घबराहट में पास ही स्थित एक मंदिर की छत से छलांग लगा दी।
इस हादसे में जाहुल पुत्र हनीफ मेव निवासी नँगला बंजीर का बास (बगड़ तिराहा) जो साइबर अपराध के मामले में फरार चल रहा था।हरिसिंह पुत्र हनुमान सहाय मीणा निवासी वीरपुर, बीघोता (टहला) घायल हो गए
ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने मानवीयता दिखाते हुए तुरंत दोनों को राजगढ़ राजकीय चिकित्सालय पहुँचाया। यहाँ मौजूद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें अलवर जिला अस्पताल (रैफर) कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा।


