जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

May 11, 2026 - 18:51
 0
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

खैरथल  (हीरालाल भूरानी ) जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी उपखंड अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण 30 दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी प्रकरणों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े अधिकारियों को जनगणना के तहत सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना को सफल बनाने के लिए आमजन एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
जिला कलेक्टर ने लंबित पेंशन सत्यापन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन का लाभ देने के निर्देश दिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि कंटीजेंसी कार्य जो अब तक लंबित हैं, उन्हें एक सप्ताह में पूर्ण कर आमजन को लाभान्वित किया जाए।
बैठक में सभी उपखंड अधिकारी को विकसित वार्ड अभियान के तहत तैयार कार्य योजनाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी एवं उपखंड अधिकारियों को स्कूलों में आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) टैबलेट वितरण एवं एचपीवी वैक्सीन अभियान की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आईएफए टैबलेट वितरण की सूचना शाला दर्पण पोर्टल पर दर्ज की जाए तथा 14 वर्षीय बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने हेतु आवश्यक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
जिला कलेक्टर ने धरती माता अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने तथा स्कूलों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूल प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति बढ़ाने एवं अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने के निर्देश भी दिए।
बैठक में खिजूरीवास टोल शिफ्टिंग कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिला कलेक्टर ने पुलिस विभाग को आईआरईडी पोर्टल पर प्रकरण दर्ज कर संबंधित विभागों को अग्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की विभिन्न बजट घोषणाओं की समीक्षा कर सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया। नगर परिषद खैरथल को शहर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कर उन्हें सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान जिला इलेक्ट्रिसिटी समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें गर्मियों के दौरान विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्य योजना तैयार करने एवं विद्युत विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता जेपी बैरवा ने बताया कि जिले में अब तक 1118 प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। जिला कलेक्टर ने योजना की प्रगति को और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लंबित पेंशन प्रकरण निष्पादन समिति की बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी ओमप्रकाश किराड, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी, संयुक्त निदेशक वीरेंद्र त्यागी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल, सहायक निदेशक वेद प्रकाश सैनी, कोषाधिकारी  सुरेश कुमार बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................