विकास के साथ संस्कृति का संरक्षण ही भारत को पुनः बनाएगा विश्व गुरु- जवाहर सिंह बेढ़म

May 11, 2026 - 19:04
May 11, 2026 - 19:05
 0
विकास के साथ संस्कृति का संरक्षण ही भारत को पुनः बनाएगा विश्व गुरु- जवाहर सिंह बेढ़म

डीग (नीरज जैन) प्रदेश के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि भारत केवल कृषि प्रधान ही नहीं बल्कि ऋषि प्रधान देश भी है। भारत पूर्व में विश्व गुरु था और यह पुनः विश्व गुरु तभी बन सकेगा जब भौतिक विकास के साथ-साथ हमारी प्राचीन संस्कृति, मंदिरों और आध्यात्मिक विरासत का संरक्षण किया जाएगा। यदि हमारी संस्कृति और मंदिर महत्वपूर्ण नहीं होते तो विदेशी आक्रांताओं ने उन पर हमले नहीं किए होते। विदेशियों ने हमारी संस्कृति, मठों और मंदिरों को नष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन सनातन संस्कृति आज भी पूरी शक्ति और गौरव के साथ खड़ी है।
गृह राज्य मंत्री बेढ़म सोमवार को डीग जिला मुख्यालय स्थित अगरदत्ता हनुमान महादेव जी मंदिर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भगवान सोमनाथ मंदिर पर प्रथम विदेशी आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान सोमनाथ मंदिर में आयोजित माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य कार्यक्रम का प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला मुख्यालय पर भी देखा गया।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने महिलाओं की भव्य कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व महंत पंडित मुरारी लाल पाराशर के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना सम्पन्न कराई गई।

अपने संबोधन में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने भगवान ब्रह्मा और पुष्कर स्थित उनके पवित्र मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत विश्व में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम मंदिर, महाकाल कॉरिडोर, बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर और सोमनाथ मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों का विकास कर सनातन संस्कृति का गौरव पुनः स्थापित किया है। इसी प्रकार प्रदेश के मुख्यमंत्री भी राज्यभर में मंदिरों के जीर्णोद्धार और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डीग जिले में धार्मिक और पर्यटन सर्किट विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सेवल मंदिर, भोजन थाली, पूंछरी का लौठा, श्रीनाथ जी मंदिर, लक्ष्मण मंदिर, आदिबद्री धाम तथा जारखोर धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने कहा कि डीग जिला अत्यंत सौभाग्यशाली है, जहां बड़ी संख्या में प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिर स्थित हैं। उन्होंने बताया कि गोवर्धन परिक्रमा मार्ग और पूंछरी क्षेत्र में विकास कार्य प्रगति पर हैं तथा अन्य विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने कहा कि डीग जिला बृज सर्किट का महत्वपूर्ण हिस्सा है और बृज यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को जिले के प्रमुख मंदिरों के दर्शन अवश्य करने चाहिए।
जिला कलेक्टर ने ग्राम रथ अभियान और विकसित वार्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह ने पसोपा और सुन्दरवली में बालिकाओं के लिए निर्माणाधीन आवासीय विद्यालयों के लिए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को बेहतर और उच्च स्तरीय शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................