उदयपुरवाटी: 66वें नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 150 मरीजों की नेत्र जांच, 30 का ऑपरेशन के लिए चयन
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था एल.एन. डोकानिया चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के तत्वावधान में सोमवार, 11 मई को स्थानीय डोकानिया टाउन हॉल में नि:शुल्क नेत्र जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं पाइल्स रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मां शाकंभरी की पूजा-अर्चना के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ।
शिविर संयोजक श्याम सुंदर डोकानिया ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस 66वें शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर के नेत्र विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर के दौरान कुल 150 मरीजों की आंखों की सूक्ष्मता से जांच की गई, जिनमें से मोतियाबिंद से ग्रसित 30 मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
नेत्र जांच के साथ-साथ शिविर में पाइल्स (बवासीर) रोग के निदान पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जयपुर के विशेषज्ञ डॉ. आर.एन. मान ने 40 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें रोग से बचाव के परामर्श के साथ ट्रस्ट की ओर से नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में प्रमोद मिश्रा, विमल बंसल, उस्मान मणियार, कजोड़ मल सैनी, दीपक सैनी, गौरीशंकर शर्मा, जयप्रकाश लोहिया, सुशील रामुका एवं देवेंद्र शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर में आए लाभार्थियों ने ट्रस्ट द्वारा दी जा रही निरंतर नि:शुल्क सेवाओं की सराहना की।


