दौसा: श्मशान का रास्ता बंद होने पर एसडीएम दफ्तर पहुंचे परिजन, एंबुलेंस में शव रखकर दिया धरना
सिकराय (दौसा)
सिकराय उपखण्ड के कालवान गांव में श्मशान घाट के रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर सोमवार को भारी हंगामा हुआ। एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के लिए जा रहे परिजनों को जब रास्ता बंद मिला, तो वे आक्रोशित होकर शव को एंबुलेंस में लेकर सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और वहां धरना शुरू कर दिया।
करंट की चपेट में आने से हुई थी मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालवान गांव स्थित प्रजापतों की ढाणी निवासी गिरिराज प्रजापत (60) की रविवार को दौसा में करंट लगने से मौत हो गई थी। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर श्मशान घाट की ओर रवाना हुए। लेकिन श्मशान जाने वाले मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण और अवरोध होने के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी।
प्रशासन के खिलाफ जताई नाराजगी
रास्ता न मिलने से गुस्साए परिजन शव को लेकर दोपहर 3 बजे सिकराय एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। मृतक के भतीजे सचिन ने बताया कि रास्ते का यह विवाद पुराना है और जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होने के बावजूद एक पक्ष ने अतिक्रमण कर रखा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने अब तक इसका स्थाई समाधान नहीं निकाला है।
एसडीएम के निर्देश पर पुलिस के पहरे में अंतिम संस्कार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नवनीत कुमार ने ग्रामीणों से समझाइश की और तुरंत तहसीलदार हेमेंद्र व मानपुर थाना इंचार्ज सतीश कुमार को मौके पर भेजा। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से रास्ते से अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में शव को श्मशान ले जाया गया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
ग्रामीणों की चेतावनी: स्थाई समाधान नहीं तो आंदोलन
थाना इंचार्ज सतीश कुमार ने बताया कि रास्ते का विवाद फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए दूसरे पक्ष से समझाइश कर फिलहाल रास्ता खुलवा दिया गया है। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द ही स्थाई समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।


