जटेरी-बरसाना-मथुरा बनेगा धार्मिक पर्यटन सर्किट, नगर विधानसभा में 2000 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर: जवाहर सिंह बेढ़म
डीग (नीरज जैन) राज्य सरकार के विकसित ग्राम संकल्प को साकार करते हुए प्रदेश के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने ग्राम रथ अभियान के तहत जटेरी में आयोजित संध्या चौपाल में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने जटेरी को मॉडल ग्राम पंचायत बनाने का संकल्प दोहराते हुए क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए स्वयं जनता के द्वार आई है।
- धार्मिक पर्यटन और 2000 करोड़ के ढांचागत विकास कार्य
गृह राज्य मंत्री ने बताया कि जटेरी को सीधे बरसाना से जोड़ दिया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जटेरी में कुंड और पूंछरी में कुंडों के विकास हेतु 8.5 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। अब जटेरी से आदिबद्री, खोह, बरसाना और मथुरा को जोड़कर एक धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में गेस्ट हाउस और व्यापार बढ़ेंगे, जिससे स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि नगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2000 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। क्षेत्र में 85 सड़कों पर काम चल रहा है और 10 नई सड़कें स्वीकृत की गई हैं, जिससे कुल 95 सड़कों का काम जारी है। इसके अलावा 80 करोड़ रुपये के प्रस्ताव के साथ दो प्रमुख एमडीआर सड़कों का निर्माण होगा—पहली सड़क यूपी बॉर्डर-डीग-निगोही-टोडा-गुलपाड़ा-सीकरी होते हुए नौगांव तक और दूसरी सड़क सुनहरा-कंवाडा-सबलाना-खोह-गढ़ी मेवात-सुन्दरावली-पाटका-थून होते हुए कठूमर तक बनेगी। उन्होंने युवाओं से क्षेत्र में उद्यम लगाने की अपील की क्योंकि यहाँ प्रचुर मात्रा में सरसों के तेल का उत्पादन होता है।
- युवाओं के लिए अटल ज्ञान केंद्र और शिक्षा का विस्तार
युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि अब जटेरी के युवाओं को पढ़ाई के लिए डीग, बृजनगर या खोह नहीं जाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप हर पंचायत केंद्र पर अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से 7 शुरू हो चुके हैं और जटेरी में भी अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि पसोपा और सुन्दरवली में नए कॉलेज खोले गए हैं, और पसोपा कॉलेज में पूरे राजस्थान के नव-स्थापित कॉलेजों की तुलना में सर्वाधिक प्रवेश हुए हैं।
- विद्युत सुधार और जल प्रबंधन
बिजली समस्या के स्थाई समाधान पर बात करते हुए बेढ़म ने बताया कि पिछले 80 सालों में नगर विधानसभा में केवल 12 बिजली घर और 2 बड़े ग्रिड स्टेशन बने थे। इसके विपरीत, हमारी सरकार ने महज ढाई साल के छोटे से कार्यकाल में 11 नए बिजली घर और सेमली व अंजारी में 2 बड़े ग्रिड स्टेशन स्वीकृत कर दिए हैं। 25 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे निर्बाध बिजली सुनिश्चित की जा रही है। खोह से जटेरी तक बिजली फीडर खींचने में आ रही बाधा पर संज्ञान लेते हुए गृह राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि विभाग पुलिस जाब्ता लेकर परसों ही इस काम को पूरा करे।
इसके अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था के लिए क्षेत्र में 32 नए डीप बोरवेल लगाए गए हैं, जिनमें मोटर और कनेक्शन देकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। गृह राज्य मंत्री ने ग्रामीणों से मंगला पशु बीमा योजना का लाभ उठाने की अपील की, जिससे बकरी या भैंस की मृत्यु पर पशुपालक को उचित आर्थिक सहायता मिलती है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए नगर विधानसभा में 17 नए पशु उपकेंद्र खोले गए हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जुड़कर ऋण लेने तथा 58 वर्ष (पुरुष) और 56 वर्ष (महिला) की आयु पूरी कर चुके लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि गिव-अप अभियान के माध्यम से प्रदेश के 80 लाख नए और वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया है।
- अपराध मुक्त हुआ डीग और मौके पर जन-समाधान
कानून व्यवस्था की स्थिति पर बोलते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि ढाई साल पहले यह क्षेत्र गोतस्करी, गोकशी और ओएलएक्स के साइबर अपराधों का गढ़ था। 27 राज्यों के डेटा में डीग जिला साइबर क्राइम में सबसे ऊपर था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से आज अपराधियों में खौफ है, रैंकिंग में भारी गिरावट आई है और क्षेत्र में अमन-चैन व भाईचारा कायम हुआ है।
चौपाल में प्राप्त परिवादों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बेढ़म ने ग्राम विकास अधिकारी को सड़क से जल भराव की निकासी के निर्देश दिए। राजकीय विद्यालय को क्रमोन्नत करने तथा पंचायत मुख्यालय बन चुके जटेरी में उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए अधिकारियों से शीघ्र प्रस्ताव मांगे। श्मशान घाट की चारदीवारी और छत की मांग पर उन्होंने कहा कि टीन शेड आंधी में उड़ जाता है, इसलिए वहाँ मजबूत सीमेंट की छत बनाई जाएगी।


