गांव-गांव पहुंच रहे ग्राम रथों से जागरूक और लाभान्वित हो रहे हैं ग्रामीण; पात्र को मिले योजनाओं का लाभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ संचालित 'ग्राम रथ अभियान' के तहत रविवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सूचना एवं जागरूकता शिविरों का सफल आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में सरकारी योजनाओं के प्रति भारी उत्साह देखा जा रहा है।
तीन विधानसभाओं के दर्जनों गांवों को किया कवर
12 मई को अभियान के तहत एलईडी वैन (ग्राम रथ) किशनगढ़ बास, मुंडावर और तिजारा विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में पहुँची। इनमें प्रमुख रूप से सानोदा, पुर, निमलाका, भोजराजका, पहाड़वास (किशनगढ़ बास), मनेठी, मुंडनवाडा खुर्द, सरुप सराय (मुंडावर) तथा असलीमपुर, बलियावास, रामनगर व बिचपुरी (तिजारा) सहित कई अन्य ग्राम पंचायतें शामिल रहीं।
डिजिटल माध्यम और लोक कला का अनूठा संगम
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल ने बताया कि ग्राम रथ में लगी हाई-टेक एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 13 महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं का ऑडियो-वीडियो प्रसारण किया गया। ग्रामीणों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेष संदेश सुनाया गया, जिसमें उन्होंने अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को लाभान्वित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाने के लिए स्थानीय लोक कलाकारों ने गीतों और भजनों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में प्रस्तुत की।
सुझाव पेटिका एवं मार्गदर्शिका का वितरण
विभागों द्वारा मौके पर ही योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका एवं प्रचार सामग्री वितरित की गई। साथ ही, ग्रामीणों की प्रतिक्रिया और सुझाव प्राप्त करने के लिए प्रत्येक ग्राम रथ के साथ एक 'सुझाव पेटिका' भी रखी गई है।
इन विभागों की योजनाओं पर रहा विशेष फोकस
अभियान के दौरान मुख्य रूप से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, जल संसाधन, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जटिल प्रक्रियाओं को सरल बनाकर पात्र व्यक्तियों को सीधे सरकारी लाभ से जोड़ना है।


