कठूमर में जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप, जाटव समाज ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कठूमर / दिनेश लेखी
कस्बे के जाटव मोहल्ले के वाशिंदों ने जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए बुधवार को उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि 12 मई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे पुलिस प्रशासन जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ जाटव मोहल्ला स्थित भैंसा वाले कुएं पर पहुंचा। आरोप है कि मौके पर बनी बाउंड्री एवं टीन शेड को तोड़कर ट्रैक्टर में भरकर ले जाया गया।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जब उन्होंने जेसीबी को रोकने का प्रयास किया तो पुलिस प्रशासन द्वारा जबरन गाड़ी में बैठाने तथा जेल भेजने की धमकी दी गई। साथ ही बदसलूकी एवं दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उक्त भूमि विवाद का मामला आर डबल ए अलवर में विचाराधीन है, इसके बावजूद उनकी जमीन को जबरदस्ती हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। समाज के लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान थान सिंह कर्दम एडवोकेट, रामदेव दौलिया, अनीता देवी जाटव, सोनम देवी जाटव, राजन जाटव, ममता कुमारी जाटव, लाखन सिंह जाटव, रवि कुमार जाटव, संजू जाटव, ओमप्रकाश जाटव, राकेश जाटव सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।


