अलवर:भगवान जगन्नाथ रथयात्रा से पूर्व निकाली सीताराम जी की आकर्षक सवारी
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर शहर में हर वर्ष की भांति इस बार भी भगवान जगन्नाथ जी के रथ यात्रा से एक दिन पूर्व सीताराम जी की भव्य सवारी निकाली गई। यह परंपरागत सवारी बैंड-बाजे और श्रद्धा के साथ जगन्नाथ मंदिर, सुभाष चौक से शुरू होकर रूपवास तक पहुंची। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी शामिल हुए। धार्मिक उत्साह के साथ निकली इस शोभायात्रा का रास्ते भर शहर के व्यापारिक संगठनों और नागरिकों ने स्वागत किया।
सवारी के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा, जलपान व्यवस्था और धार्मिक झांकियां देखने को मिलीं। धार्मिक माहौल में लोगों ने 'जय श्रीराम' और 'जय जगन्नाथ' के जयघोष लगाए। यह परंपरा रथ यात्रा की पूर्व संध्या पर श्रद्धा और एकता का प्रतीक बन चुकी है, जिसमें अलवर की संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस और नगर परिषद की ओर से भी सुरक्षा और साफ-सफाई के विशेष प्रबंध किए गए।

