डीसीडीसी समीक्षा बैठक आयोजित, सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए तकनीक और प्रशिक्षण पर जोर-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला सहकारी विकास समन्वय समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में नवीन ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गठन, सहकारी समितियों की प्रगति, पुनर्जीवीकरण एवं उनके सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सहकारिता विभाग से जुड़ी योजनाओं एवं गतिविधियों के प्रति आमजन को ट्रेनिंग ऐप के माध्यम से जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सहकारिता से जुड़कर लाभान्वित हो सकें। उन्होंने नवीन ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गठन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करते हुए समितियों के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहकारी समितियों के गठन की प्रगति की समीक्षा की गई तथा निष्क्रिय एवं अवसायनाधीन सहकारी समितियों के पंजीयन निरस्त करने एवं उन्हें पुनः जीवित करने की कार्रवाई को गति देने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि सक्रिय सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके अतिरिक्त पैक्स कम्प्यूटरीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने रिकॉर्ड प्रबंधन, लेखा-जोखा एवं राजस्व स्थिति को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम सेवा सहकारी समितियों में नवीन कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश प्रदान किए ताकि किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण सहज रूप से उपलब्ध हो सकें।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, उप रजिस्ट्रार सहकारिता शचींद्र चतुर्वेदी, एमडी सीसीबी नरेश शुक्ला, एमडी डेयरी राजेश नारायण, जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल, संयुक्त निदेशक कृषि विभाग राधेश्याम मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


