भरतपुर जिला व्यापार महासंघ ने वृंदावन में आयोजित उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय सभा में लिया भाग
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिला व्यापार महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने वृंदावन में आयोजित उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय सभा में जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता के नेतृत्व में भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल में जिला कार्यकारी अध्यक्ष नरेन्द्र गोयल, जिला महामंत्री विपुल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज, सह महामंत्री अंजुम सिंघल, संघर्ष समिति संयोजक विष्णु जैन, मंत्री बंटी व्यास, नरेन्द्र सिंघल, प्रकाश एवं अनिल निर्भय सिंघल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि सभा में देश के सभी 28 प्रांतों से आए व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में व्यापार जगत से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, जटिल कानूनों के कारण व्यापारियों को हो रही परेशानियों तथा ऑनलाइन व्यापार के फुटकर व्यापार पर पड़ रहे दुष्प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। देशभर से आए व्यापारिक प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से इन समस्याओं के समाधान एवं व्यापार हित में आवश्यक सुधारों पर विचार-विमर्श किया।
सभा को संबोधित करते हुए भरतपुर जिला व्यापार महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने भरतपुर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं भूमि अधिग्रहण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों के समक्ष मंच से कहा कि बिना उचित मुआवजे के व्यापारियों की भूमि एवं प्रतिष्ठानों को प्रभावित करने की प्रशासन एवं सरकार की मंशा व्यापारियों के हितों के विरुद्ध है। उन्होंने इस संघर्ष में आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन एवं सहयोग देने की मांग भी रखी।
गुप्ता ने कहा कि व्यापारी समाज की समस्याओं के समाधान हेतु राष्ट्रीय स्तर पर एकजुटता अत्यंत आवश्यक है तथा संगठित प्रयासों से ही व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा संभव है। मीटिंग में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष, कई राज्य सभा सांसद, सांसद, पूर्व सांसद विधायक व् व्यापारी नेताओं ने भी भाग लिया।


