खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार बड़ी कार्रवाई, दो दिनों में 1050 किलो से अधिक खराब एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट

May 13, 2026 - 19:10
 0
खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार बड़ी कार्रवाई, दो दिनों में 1050 किलो से अधिक खराब एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट

सिरोही (रमेश सुथार) आयुक्त खाद्य सुरक्षा राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार जिले में “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान चलाया जा रहा है। कुछ दिनों पूर्व जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मिलावटी, खराब एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सख्त एवं सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे, जिसकी पालना में विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के अंतर्गत 11 एवं 12 मई को जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच कर बड़ी मात्रा में खराब एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई।

11 मई 2026 को खाद्य सुरक्षा दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया गया। इस दौरान सिरोही स्थित मैसर्स खुशबू कैटर्स से पनीर एवं सूजी हलवा के नमूने लिए गए। 
इसके अतिरिक्त स्वरूपगंज स्थित फर्म महादेव आइस कैंडी, रोहिड़ा रोड का निरीक्षण किया गया, जहां जांच के दौरान निर्माण इकाई में सिंथेटिक फूड कलर एवं सैकरीन का उपयोग कर आइस कैंडी तैयार की जा रही थी। मौके पर लगभग 220 किलोग्राम तैयार आइस कैंडी डीप फ्रीजर में संग्रहित मिली, जिसे खाद्य सुरक्षा दल ने नमूने लेने के बाद तत्काल नष्ट करवाया।

निरीक्षण के दौरान वाटर टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड एवं स्वच्छता संबंधी विभिन्न अनियमितताएं भी पाई गईं। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया।

वहीं 12 मई 2026 को स्वरूपगंज स्थित फर्म शांति ट्रेडर्स पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 830 किलोग्राम खराब एवं अवधिपार चुस्की, पेप्सी, मैंगो ड्रिंक सहित अन्य खाद्य पदार्थों को नष्ट करवाया गया तथा उनके नमूने जांच हेतु लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा सभी खाद्य विक्रेताओं को हानिकारक रसायनों एवं सैकरीन से निर्मित खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, निर्धारित मात्रा में परमिटेड फूड कलर का उपयोग करने तथा लाइसेंस दुकान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

यह संपूर्ण कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रजापत एवं धर्मवीर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध, मिलावटी अथवा अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................