ग्राम रथ अभियान: राधेश्याम को मिला भूमि का पट्टा, मालिकाना हक मिलने से खिले चेहरे
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए संचालित 'ग्राम रथ अभियान' ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में सेवर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बहनेरा में आयोजित जनजागरूकता शिविर के दौरान स्वामित्व योजना के तहत पात्र लाभार्थी राधेश्याम को मौके पर ही भूमि का पट्टा वितरित किया गया।
मौके पर ही पूर्ण हुई प्रक्रिया:
नगला खोहरी निवासी राधेश्याम पुत्र कुन्दन ने बताया कि उन्हें लंबे समय से अपनी भूमि का पट्टा न होने के कारण बैंक से ऋण लेने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बहनेरा में आयोजित ग्राम रथ शिविर में उन्होंने उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता के समक्ष अपना आवेदन प्रस्तुत किया। उपखंड अधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही राधेश्याम के दस्तावेजों की पूर्ति करने हेतु निर्देशित किया। प्रशासन की तत्परता से शिविर में ही राधेश्याम को उनका स्वामित्व पट्टा सौंप दिया गया।
कानूनी हक और आर्थिक सुरक्षा:
पट्टा प्राप्त करने के बाद राधेश्याम ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी भूमि पर कानूनी मालिकाना हक मिल गया है। इससे वे भविष्य में कृषि कार्य और परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं के लिए बैंक ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ योजनाबद्ध तरीके से उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री एवं प्रशासन का आभार:
लाभार्थी ने मुख्यमंत्रीभजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि ग्राम रथ अभियान जैसे कार्यक्रम धरातल पर आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। शिविर में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।


