जलपाईगुड़ी के सांसद ने समृद्ध भारत अभियान के ग्रामीण विकास कार्यों का किया अवलोकन

May 18, 2026 - 17:53
 0
जलपाईगुड़ी के सांसद ने समृद्ध भारत अभियान के ग्रामीण विकास कार्यों का किया अवलोकन

भरतपुर (विष्णु मित्तल) पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. जयंत कुमार राय ने 'समृद्ध भारत अभियान' संस्था द्वारा डीग एवं भरतपुर जिले के करीब 13 गांवों में संचालित विभिन्न ग्रामीण विकास और स्वरोजगार मॉडलों का सघन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक खेती, महिला सशक्तिकरण, डेयरी, बायोगैस, ग्रामीण उद्योग और सामाजिक नवाचारों से जुड़े लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनके जीवन स्तर में आए बदलावों की जानकारी ली। सांसद ने भरतपुर मॉडल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास एवं गरीबी दूर करने में एक बेहद सशक्त और अनुकरणीय मॉडल बताया। इस दौरे में उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता राजीव चटर्जी भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने सांसद को जानकारी दी कि संस्था द्वारा विकसित अधिकांश मॉडल स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। ग्रामीणों को तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने में संस्था ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे ग्रामीण कृषि व पशुपालन के साथ-साथ अतिरिक्त आय प्राप्त कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रहे हैं।

सांसद डॉ. जयंत कुमार राय ने अपने दौरे में ग्रामीण आत्मनिर्भरता के कई अनूठे उदाहरण देखे:

  1. नेवाड़ा व दीवली: नेवाड़ा में युवाओं द्वारा संचालित शहद प्रसंस्करण इकाई (मधुमक्खी पालन) और दीवली गांव में अमरूद व अन्य फलों के उन्नत बगीचों को देखा। सांसद ने इन नवाचारों को अपने लोकसभा क्षेत्र में भी लागू करने की बात कही।

  2. हातौडी (जल संरक्षण): करीब 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन किया, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों व पशुधन को पेयजल मिलेगा और यह स्थान पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा।

  3. पना व अंटारी: पना गांव में प्राकृतिक खेती व एग्री टूरिज्म मॉडल देखा तथा अंटारी में किसान उत्पादक संगठन (FPO) के सदस्यों से चर्चा की।

  4. बोरई व समन (कुम्हेर): बोरई में आधुनिक मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र व ग्रामीण मार्ट तथा समन गांव में बकरी पालन व आंवला उत्पादों के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके अलावा कुम्हेर में 'बेटी की लाइब्रेरी' का भी अवलोकन किया।

  5. बाबेन, जीराहेडा, कोरेर व इन्द्रौली: बाबेन में गौ-पालन व बायोगैस संयंत्र, जीराहेडा (कामां) में मछली पालन, कोरैरे में गारमेंट्स उत्पादक इकाई, डीग में आई विजन सेंटर और इन्द्रौली में दुग्ध प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण कर लाभार्थियों की कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच की प्रशंसा की।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने जताया आभार:

अवलोकन के दौरान अमरसिंह नेवाडा, फत्ते सरपंच हातौडी, लोकेश कसाना, कमल मीणा पनाह, ब्रजभूषण शर्मा अटारी, सोन सिंह बोरई, अमर सिंह, देवकीनंदन समन, गोपाल ठाकुर बावेन, महेंद्र अवस्थी (CDPO कुम्हेर), सुमन सिंह कोरेर, राधेलाल सैनी इन्द्रौली, खुर्शीद अहमद जीराहेड, जगदीश मीणा एवं सुश्री भाग्यश्री ने सांसद को विभिन्न गतिविधियों की जमीनी जानकारी दी और इन कार्यों में संस्था के योगदान की सराहना की।

दौरे के समय संस्था के पुनीत गुप्ता, सचिन, अनुज उपाध्याय और विष्णु मित्तल भी उपस्थित रहे। विभिन्न गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा सांसद डॉ. जयंत कुमार राय का गर्मजोशी से स्वागत-सत्कार किया गया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................