अवैध खनन माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, जिला कलेक्टर ने दिए नामजद FIR और चेकपोस्ट बनाने के सख्त निर्देश
सिरोही, (रमेश सुथार) जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में वैध खनन को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय ‘‘खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन निगरानी समिति एवं एसआईटी‘‘ की बैठक मंगलवार को डीओआईटी सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में समिति के सदस्य उपस्थित रहे एवं समस्त उपखण्ड स्तरीय एसआईटी कमेटी के सदस्य (समस्त उपखण्ड अधिकारी, समस्त उपाधीक्षक पुलिस, वन एवं परिवहन विभाग के अधिकारी) तथा उपवन सरंक्षक (वन्य जीव) आबूपर्वत वी.सी. के माध्यम से जुडे़।
जिला कलेक्टर तोमर ने वी.सी. के माध्यम से जुडे समस्त उपखण्ड अधिकारी, उपाधीक्षक पुलिस, वन एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों से उपखण्डवार चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने समस्त उपखण्ड अधिकारियों को गठित उपखण्ड स्तरीय कमेटी के माध्यम से पूर्व में चिन्हित अवैध खनन के संवेदनशील क्षैत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध भण्डारण के विरूद्ध जांच/कार्यवाही करने के साथ साथ अवैध भण्डारणकर्ता की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर नामजद एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिये।
जिला परिवहन अधिकारी सिरोही व आबूरोड को बिना पंजीयन खनिज निर्गमन वाहनों एवं ऑवरलोड परिवहन के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये गये।
उन्होंने समस्त उपाधीक्षक पुलिस को संवेदनशील क्षैत्रो में आकस्मिक निरीक्षण करते हुए अवैध खनन माफियाओं के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिये एवं समस्त उपाधीक्षक पुलिस को खनिजों के अवैध निर्गमित मार्गो पर आवश्यकतानुसार चैक पोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिये।
उपवन संरक्षक सिरोही/आबूपर्वत को वन भूमि में अवैध खनन/निर्गमन पाये जाने पर वन विभाग अवैध खनन/निर्गमनकत्ताओ के विरूद्ध वन विभाग के नियमों के तहत कार्यवाही करने की बात कही। उन्होंने खनि. अभियन्ता सिरोही को जिले में प्रभावशील खनन पट्टों का निरीक्षण कर अनियमितता पाये जाने पर की गई कार्यवाही आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
जिला कलेक्टर ने उपखण्ड स्तर पर गठित संयुक्त दलों को आपसी समन्वय स्थापित कर अवैध खनन/परिवहन/भण्डारण की रोकथाम के सम्बन्ध में राज्य सरकार के निर्देशों की पालना मे नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश प्रदान किये।
इससे पूर्व बैठक के प्रारम्भ में खनि अभियन्ता चन्दन कुमार ने गत वर्ष एवं चालु वित्तिय वर्ष में अवैध खनन/निर्गमन/भण्डारण के विरूद्ध की गई कार्यवाही का विवरण, अवैध खनन के संवेदनशील स्थल, जिले में प्रभावशील खनन पट्टों का विवरण एवं वृक्षारोपण की कार्य योजना के संबंध मे जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की।
जिले में गत वित्तिय वर्ष कुल 390 प्रकरण बनाये जाकर शास्ति रू 276.04 लाख की वसूली की जाकर कुल 179 प्रथम सुचना रिपोर्ट दर्ज हुई है एवं चालु वित्तिय वर्ष 2026-27 कुल 85 प्रकरण बनाये जाकर शास्ति रू 26.75 लाख की वसूली की जाकर कुल 8 प्रथम सुचना रिपोर्ट दर्ज हुई है।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, उप वन संरक्षक अजीत उचोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. राजेश गोयल, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, जिला परिवहन अधिकारी अक्षमिता राठौड, वृताधिकारी पुलिस मुकेश चौधरी, रघुवीर सिंह सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


