झड़ाया में 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ की तैयारियां पूरे परवान पर, गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में बांटे जा रहे पीले चावल
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के झड़ाया स्थित प्रसिद्ध बालाजी आश्रम पर आगामी 17 जून से आयोजित होने वाले भव्य 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और पूरे परवान पर दिखाई दे रही हैं। यह ऐतिहासिक महायज्ञ बालाजी मंदिर के महंत व महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
यज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने उत्साह व्यक्त करते हुए बताया कि झड़ाया में आयोजित होने वाले इस 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ की गूंज देश के कोने-कोने में सुनाई देगी। इस बार आयोजित होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान बेहद भव्य और ऐतिहासिक होगा, जिसके साक्षी बनने के लिए देश भर से श्रद्धालु पहुंचेंगे।
यज्ञ सेवा समिति के पदाधिकारी महेंद्र तेतरवाल, हनुमान यादव और सेवानिवृत्त पीटीआई भगवान सहाय यादव ने जानकारी दी कि महायज्ञ के भव्य आयोजन को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समिति के कार्यकर्ता गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को पारंपरिक रूप से पीले चावल बांटकर न्योता दे रहे हैं और निमंत्रण पत्र सौंपकर सपरिवार आमंत्रित कर रहे हैं।
यज्ञ सेवा समिति के मीडिया प्रभारी अशोक जांगिड़ ने बताया कि यज्ञ की व्यवस्थाओं को सुचारू और त्रुटिहीन बनाने के लिए बालाजी मंदिर के महंत स्वामी सीताराम दास जी महाराज स्वयं कमान संभाले हुए हैं। महाराज श्री प्रतिदिन कार्यकर्ताओं के साथ एक घंटे की विशेष बैठक (मीटिंग) ले रहे हैं, जिसमें अब तक की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है और आगामी कार्यों के आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं में इस महायज्ञ को लेकर अभूतपूर्व उत्साह है।
इस दौरान यज्ञ सेवा समिति के सेवानिवृत्त पीटीआई भगवान सहाय यादव, महेंद्र तेतरवाल, हनुमान यादव, मीडिया प्रभारी अशोक जांगिड़, व्यवस्थापक विकास जांगिड़ और आशीष जांगिड़ सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता व प्रबुद्ध जन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।


