झड़ाया बजरंग धाम आश्रम पर रविवार को विशाल धर्म सभा का आयोजन, 108 कुंडीय श्री राम महायज्ञ की तैयारियों पर होगी चर्चा
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। उपखंड क्षेत्र के झड़ाया स्थित प्रसिद्ध बजरंग धाम आश्रम पर आगामी 17 जून से आयोजित होने वाले भव्य 108 कुंडीय श्री राम महायज्ञ की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे ही यज्ञ की तैयारियां अब पूरे परवान पर दिखाई देने लगी हैं। महायज्ञ की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं और प्रबंधन को अंतिम रूप देने के लिए आगामी रविवार को आश्रम परिसर में एक विशाल धर्म सभा का आयोजन किया जा रहा है।
बज्रंग धाम मंदिर के महंत व महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में इस विशाल धर्म सभा का आयोजन होगा।
यज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। रविवार को आयोजित होने वाली इस धर्म सभा के दौरान आगामी महायज्ञ के सफल और सुचारू संचालन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा और सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
यज्ञ सेवा समिति के पदाधिकारी महेंद्र तेतरवाल, हनुमान यादव और सेवानिवृत्त पीटीआई भगवान सहाय यादव ने संयुक्त रूप से बताया कि यज्ञ की भव्यता और आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए अलग-अलग व्यवस्था समितियां गठित की जा रही हैं, जिनकी समीक्षा और मार्गदर्शन इस बैठक में महाराज श्री द्वारा किया जाएगा।
यज्ञ सेवा समिति के मीडिया प्रभारी अशोक जांगिड़ ने बताया कि मंदिर परिसर पर रविवार को आयोजित होने वाली इस विशाल धर्म सभा में झड़ाया सहित आस-पास के दर्जनों गांवों से भारी संख्या में श्रद्धालु, प्रबुद्ध जन और धर्मप्रेमी हिस्सा लेंगे। अशोक जांगिड़ ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से विशेष अपील की है कि रविवार को आयोजित होने वाली इस धर्म सभा में अधिक से अधिक संख्या में पधारें, ताकि आगामी ऐतिहासिक यज्ञ की तैयारियों पर व्यापक चर्चा कर इसे अभूतपूर्व और सफल बनाया जा सके।


