विश्व पर्यावरण दिवस पर बाल विकास परियोजना कुम्हेर कार्यालय परिसर में किया गया वट वृक्षारोपण
कुम्हेर, (विष्णु मित्तल) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समृद्ध ग्राम्य अभियान सोसायटी की ओर से बाल विकास परियोजना कार्यालय, कुम्हेर परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश देते हुए वट वृक्ष का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पौधे की रोपाई कर उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सीडीपीओ महेन्द्र अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता एवं जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वट वृक्ष भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है तथा दीर्घायु, छायादार एवं पर्यावरण हितैषी वृक्ष के रूप में जाना जाता है।
इस अवसर पर उपस्थित लेखाकार अनिल गर्ग कनिष्ठ सहायक मेघा गर्ग, पप्पू शर्मा आदि कार्मिकों एवं पुस्तकालय में अध्ययनरत युवतियों ने भाग लिया उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


