विश्व पर्यावरण दिवस: हरियाली बाबा और बच्चों ने मिलकर रोपे नीम के पौधे, सुरक्षित प्रकृति का दिया संदेश
थानागाजी ( रामभरोस मीना) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एल पी एस विकास संस्थान द्वारा संचालित पर्यावरण शिक्षा केंद्र पर एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों ने क्षेत्र के सुप्रसिद्ध 'हरियाली बाबा' और प्रकृति प्रेमी राम भरोस मीणा के साथ मिलकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया और केंद्र परिसर में नीम के 11 छायादार पौधे लगाए।
- बढ़ते तापमान और प्रदूषण से बचने के लिए वृक्षारोपण जरूरी: हरियाली बाबा
वृक्षारोपण के दौरान उपस्थित बच्चों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हरियाली बाबा ने पर्यावरण संकट पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "आज प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण हमारी धरती विनाश की कगार पर खड़ी है। हम सबको मिलकर इसे बचाने का ईमानदार प्रयास करना होगा।"
उन्होंने बच्चों को समझाते हुए आगे कहा कि सुरक्षित प्रकृति ही मानव जीवन को सुरक्षा प्रदान कर सकती है। यदि हम अभी नहीं संभले तो बढ़ते तापमान और प्रदूषण से बचना बेहद मुश्किल हो जाएगा, जिसका खामियाजा आने वाली पीढ़ी और इन बच्चों को भुगतना पड़ेगा। प्रकृति अपना कहर बरपाए, उससे पहले ही हमें पेड़ लगाकर प्रकृति को सहेजना होगा।
- नन्हे बच्चों ने लिया पौधों की देखभाल का जिम्मा
कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने न सिर्फ उत्साहपूर्वक पौधे लगाए, बल्कि भविष्य में उनकी नियमित देखरेख और सिंचाई करने की जिम्मेदारी भी ली। इस अवसर पर लोकेश कुमार योगी, पुजा योगी, आरओसी योगी, चंदू, प्रिया, काजू और मनोज सहित कई स्थानीय बच्चे और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।


