होली चाइल्ड स्कूल में सुरक्षा गार्ड की हत्या से फैली सनसनी; सिर पर वार कर शव स्कूल गेट के बाहर फेंका
नीमराना (देवराज मीना)। जापानी औद्योगिक क्षेत्र स्थित होली चाइल्ड स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल परिसर के बाहर एक सुरक्षा गार्ड का रक्तरंजित शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर लोहे की रॉड या किसी अन्य भारी वस्तु से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी और थाना पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में स्कूल के ही माली से रात में हुए विवाद की बात सामने आ रही है।
- सुबह 7 बजे पहुंचा दूसरा गार्ड, तो खुला राज
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भूंगड़ा अहीर निवासी सुभाष नाई (50) के रूप में हुई है, जो पिछले दो-तीन साल से इसी स्कूल में गार्ड की नौकरी कर रहा था। वारदात का पता सुबह करीब 7 बजे चला, जब दूसरा सुरक्षा गार्ड अपनी ड्यूटी बदलने के लिए स्कूल पहुंचा। उसने गेट के पास पेड़ के नीचे सुभाष का शव लहूलुहान हालत में देखा। इसके बाद तुरंत स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचित किया गया।
- 3 दिन से बंद थे स्कूल के तीसरी आंख (CCTV) के पहरे
जांच में पुलिस के हाथ एक बड़ी चुनौती लगी है। जानकारी के अनुसार, होली चाइल्ड स्कूल के सीसीटीवी कैमरे पिछले तीन दिनों से तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़े थे। इस सुरक्षा चूक के चलते हत्या की वारदात कैमरों में कैद नहीं हो सकी। अब पुलिस ने स्कूल के आस-पास के औद्योगिक क्षेत्र और सड़कों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की आवाजाही का सुराग मिल सके।
- माली से हुआ था विवाद, हर एंगल से जांच जारी
घटनास्थल पर पहुंची डीएसपी चारुल गुप्ता ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बीती रात सुभाष का स्कूल के ही माली के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। पुलिस ने माली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नीमराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया गया है।
- परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस खौफनाक वारदात के बाद मृतक सुभाष के परिवार में कोहराम मच गया है। सुभाष की पत्नी रेखा रानी सैन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, जबकि उनका बेटा पंकज सैनी नीमराना की ही एक निजी कंपनी में कार्यरत है। अस्पताल और घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
चारुल गुप्ता, डीएसपी, नीमराना का बयान: "होली चाइल्ड स्कूल के गार्ड की हत्या के मामले में एफएसएल की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया माली से विवाद की बात सामने आई है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"


