रिहायशी इलाके में शराब ठेके का विरोध: अम्बेडकर नगर के निवासियों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के अम्बेडकर नगर विस्तार योजना क्षेत्र के लोगों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा पालका रोड स्थित वार्ड संख्या 38 में हाल ही में खोले गए नए शराब ठेके को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी जताई। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया है कि शराब की दुकान खुलने के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है, जिससे महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह ठेका रिहायशी क्षेत्र के बीच संचालित किया जा रहा है, जिसके कारण आए दिन अवांछित गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित एवं क्षेत्र की शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकान को शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
निवासियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर कॉलोनी में पुनः शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासियों का विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा। वही अतिरिक्त आबकारी अधिकारी राजेश मीणा ने बताया सूचना मिली कि लोगों का कहना है शराब ठेका खुलने से क्षेत्र वासियों में रोष है ।


