भ्रष्टाचार पर एसीबी की बड़ी चोट: सांगाणा में ₹4,000 की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार
जालोर, (राजस्थान) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आज जालोर जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सायला तहसील के एलआर शाखा के पटवारी (अतिरिक्त चार्ज पटवार हल्का सांगाणा) बंटी मीना को ₹4,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी परिवादी से कृषि भूमि का म्यूटेशन (नामांतरण) भरने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी मुख्यालय के अनुसार, पीड़ित परिवादी ने ब्यूरो की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पटवारी बंटी मीना उसकी कृषि भूमि का म्यूटेशन करने के बदले ₹10,000 की घूस मांगकर लगातार परेशान कर रहा है।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी जोधपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक (DIG) नारायण टोगस के सुपरविजन में जालोर एसीबी चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मांगीलाल राठौड़ ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया।
- पहले ले चुका था एडवांस: सत्यापन के दौरान ही आरोपी पटवारी ने परिवादी से ₹2,000 एडवांस के रूप में ले लिए थे।
- आज हुई ट्रेप कार्रवाई: आज जैसे ही परिवादी ने बंटी मीना को रिश्वत की बकाया राशि के ₹4,000 थमाए, वैसे ही मुस्तैद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
एसीबी की टीम फिलहाल आरोपी पटवारी बंटी मीना से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित संपत्ति का पता लगाने के लिए उसके विभिन्न ठिकानों और आवास पर तलाशी (सर्च) अभियान जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
एसीबी की अपील: यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।


