तालुका विधिक सेवा समिति का अभियान शुरू, तीन दिन तक विभिन्न ग्रामों में होंगे जागरूकता शिविर
कठूमर (दिनेश लेखी) आमजन को कानून एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तालुका विधिक सेवा समिति, कठूमर के तत्वावधान में मोबाइल विधिक जागरूकता वैन का संचालन प्रारंभ किया गया है। शनिवार को न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया तथा सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य शर्मा ने विधिक जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुभाष चंद अर्रुंवा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। यह मोबाइल वैन 13 से 15 जून तक कठूमर न्यायक्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं संस्थानों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को कानूनी अधिकारों एवं योजनाओं की जानकारी देगी।
तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव रुचि शर्मा ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस मोबाइल वैन के माध्यम से अटल सेवा केंद्र अर्रुवा, खेरलीमंडी, दांतिया तथा घाटा भांवर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों को राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम उन्मूलन तथा श्रम विभाग से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन तक सरल भाषा में कानून की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना है। आगामी दिनों में भी विभिन्न ग्राम पंचायतों और संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


