आदर्श एजुकेशन संस्थान एनजीओ ने बांधे 350 परिंडे, बेजुबान पक्षियों के संरक्षण का दिया संदेश
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आदर्श एजुकेशन संस्थान एनजीओ की टीम ने शुक्रवार को संपूर्ण उदयपुरवाटी क्षेत्र में लगभग 350 परिंडे बांधे। अभियान की शुरुआत श्रीमाधोपुर से की गई, जिसके बाद संपूर्ण शाकंभरी रोड पर परिंडे लगाए गए।
एनजीओ की टीम ने उदयपुरवाटी शहर में न्यायालय परिसर, राजकीय अस्पताल, पुलिस थाना सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी परिंडे बांधे। वहीं शाकंभरी माता क्षेत्र के जंगलों में रह रहे बंदरों को 21 किलोग्राम पूड़ी खिलाकर जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया गया।
इस अवसर पर विधायक भगवाना राम सैनी ने कहा कि बेजुबान परिंदों के लिए आदर्श एनजीओ द्वारा चलाया जा रहा परिंडा अभियान सराहनीय है। उन्होंने आमजन से भी इस पुनीत कार्य में जुड़कर पक्षियों के संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।
आदर्श एनजीओ के सचिव राजपाल सिंह चौधरी ने बताया कि संस्था की समर्पित टीम के सहयोग से पिछले 13 दिनों में लगभग 9,000 परिंडे बांधे जा चुके हैं। वहीं संस्था के संस्थापक के.के. यादव ने कहा कि एनजीओ की टीम जिस प्रकार धरातल पर जनहित और जीव संरक्षण के कार्य कर रही है, वह प्रेरणादायक है।
परिंडा अभियान के प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि इस अभियान के साथ-साथ शीघ्र ही व्यापक वृक्षारोपण अभियान भी शुरू किया जाएगा। कोर कमेटी सदस्य पिंटू सैनी ने कहा कि सड़कों पर घूमने वाली गायों के गले में रेडियम पट्टियां बांधी जाएंगी, जिससे वे रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें।
एनजीओ के कोषाध्यक्ष बलदेव सैनी ने कहा कि जो गरीब एवं जरूरतमंद बच्चे शिक्षा से वंचित हैं, उनके लिए आदर्श एनजीओ अभिभावक की भूमिका निभाते हुए शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। इस अवसर पर विक्रम सैनी, लोकेश सैनी, राजेन्द्र कुमावत, योगेश सैनी, बुधराम सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


