कालीबाई भील स्कूटी योजना में शिव महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़ाया मान, जिले में किया नाम रोशन
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी कालीबाई भील स्कूटी योजना के अंतर्गत शिव महाविद्यालय कठूमर की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अलवर जिले में अपना परचम लहराया है।
महाविद्यालय के निदेशक अनिल कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत चयनित छात्राओं ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।
महाविद्यालय से चयन चयनित छात्राओं में भावना पुत्री हरिराम बलाई निवासी टिटपुरी, पायल पुत्री रामजीलाल निवासी भनोकरी तथा कमलेश पुत्री राम सिंह मीणा निवासी भनोकरी है। इन प्रतिभाशाली छात्राओं की सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
शिव महाविद्यालय परिवार ने इन छात्राओं की उपलब्धि को सराहते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस उपलब्धि से यह सिद्ध होता है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।


